14वीं JPSC विवाद पर तेज हुई सियासत, झामुमो ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया, कांग्रेस-भाजपा भी आमने-सामने
1 min read

14वीं JPSC विवाद पर तेज हुई सियासत, झामुमो ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया, कांग्रेस-भाजपा भी आमने-सामने

रांची: 14वीं JPSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर जारी विवाद अब राजनीतिक रूप लेता जा रहा है। मामले पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), कांग्रेस और भाजपा के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। इस बीच झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि राज्य सरकार इस मामले को पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ देख रही है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विनोद पांडेय ने कहा कि जैसे ही परीक्षा में अनियमितताओं की शिकायत मिली, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर जांच एजेंसी को तत्काल जेपीएससी कार्यालय भेजा गया। वहां मौजूद संबंधित अधिकारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।

उन्होंने कहा कि सरकार की सख्त कार्रवाई का ही परिणाम है कि जेपीएससी के तत्कालीन अध्यक्ष एल. खियांग्ते ने अपने पद से इस्तीफा दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में एल. खियांग्ते जांच एजेंसी के समक्ष उपस्थित होकर जांच में सहयोग कर रहे हैं।

अभ्यर्थियों से राजनीति से दूर रहने की अपील

झामुमो नेता ने कहा कि राज्य सरकार परीक्षा कानून के तहत दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पार्टी भी चाहती है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच हो तथा दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी सजा मिले।

उन्होंने आंदोलनरत अभ्यर्थियों से अपील की कि वे अपनी मांगों को लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से उठाएं, लेकिन किसी भी राजनीतिक गतिविधि का हिस्सा न बनें। साथ ही यदि किसी अभ्यर्थी के पास परीक्षा से जुड़ा कोई महत्वपूर्ण साक्ष्य या जानकारी है, तो उसे जांच एजेंसी को उपलब्ध कराएं, ताकि जांच जल्द और निष्पक्ष तरीके से पूरी हो सके।

कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक दुबे ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जेपीएससी और जेएसएससी के मुद्दे पर भाजपा की सक्रियता राजनीतिक अवसरवाद का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि जो नेता वर्षों तक राज्य की सत्ता में रहे, वे आज युवाओं के सबसे बड़े हितैषी बनने का प्रयास कर रहे हैं। भाजपा को पहले अपने शासनकाल का हिसाब देना चाहिए।

बंधु तिर्की बोले- युवाओं को न्याय दिलाना कांग्रेस की जिम्मेदारी

कांग्रेस नेता बंधु तिर्की ने पार्टी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश से मुलाकात कर कहा कि पेपर लीक और परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर युवा सड़क पर हैं। ऐसे में कांग्रेस को उनकी मांगों के प्रति गंभीर होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि युवाओं को न्याय दिलाना कांग्रेस की भी जिम्मेदारी है। पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिलकर इस पूरे मामले में निष्पक्ष कार्रवाई और अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने का आग्रह करेगा।

14वीं जेपीएससी परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर जांच एजेंसियों की कार्रवाई जारी है। वहीं, राजनीतिक दलों के लगातार आ रहे बयानों से यह मामला अब प्रशासनिक जांच के साथ-साथ राजनीतिक बहस का भी प्रमुख विषय बन गया है।

यह भी पढ़े – 2.20 करोड़ के इनामी मिसिर बेसरा समेत तीन हार्डकोर नक्सली 14 दिन की रिमांड पर, NIA-IB समेत कई एजेंसियां करेंगी पूछताछ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *