रांची रेल डिवीजन छठ महापर्व को लेकर पूरी तरह तैयार
रिपोर्ट:रांची डेस्क
बिहार के लिए 20 स्पेशल ट्रेनें, स्टेशनों पर सख्त सुरक्षा और बेहतर सुविधा व्यवस्था
रांची, 24 अक्तूबर छठ महापर्व के मौके पर घर लौटने वाले यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए रांची रेल डिवीजन ने व्यापक तैयारियां की हैं। इस पावन अवसर पर यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेलवे ने 20 स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। इनमें बिहार के विभिन्न जिलों के लिए विशेष ट्रेन सेवाएं शामिल हैं, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को बिना परेशानी अपने गंतव्य तक पहुँचाया जा सके।
रांची रेल डिवीजन की वरीय मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक सूची सिंह ने बताया कि इस वर्ष छठ पर्व पर यात्रियों की तादाद में अभूतपूर्व वृद्धि की संभावना है। इसे देखते हुए यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि “छठ पर्व के दौरान रेल यात्रियों की सुविधा के लिए हम पूरी तरह से तैयार हैं। सभी स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।”
यात्री होल्डिंग की व्यवस्था
सूची सिंह ने जानकारी दी कि रांची स्टेशन पर यात्रियों के इंतजार और ठहरने के लिए विशेष होल्डिंग एरिया बनाया गया है, जहाँ एक साथ 100 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। साथ ही, स्टेशनों पर भीड़ के नियंत्रण और यातायात के सुचारू संचालन के लिए अतिरिक्त रेलवे कर्मियों की तैनाती की गई है।
रेल डिवीजन ने यह भी सुनिश्चित किया है कि लंबी दूरी की स्पेशल ट्रेनों में कैटरिंग सुविधाएं बेहतर रहें, ताकि यात्रियों को स्वच्छ और सुलभ भोजन उपलब्ध हो सके। ट्रेनों और स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था में कोई कमी न रह जाए।
दलालों से बचने का अनुरोध
रेलवे प्रशासन ने विशेष सफाई अभियान भी चलाया है, ताकि यात्रियों को स्वच्छ माहौल मिल सके। स्टेशन परिसर, प्रतीक्षालयों और प्लेटफॉर्मों को नियमित रूप से सेनेटाइज़ किया जा रहा है।
सूची सिंह ने बताया कि बिहार जाने वाली अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों की जानकारी रेलवे की वेबसाइट, हेल्पलाइन और स्टेशनों पर लगाए गए नोटिस बोर्डों के माध्यम से यात्रियों को दी जा रही है। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे टिकट की बुकिंग आधिकारिक माध्यम से ही करें और अनाधिकृत दलालों से बचें।
छठ पर्व को लेकर रेलवे की इन तैयारियों से यात्रियों में उत्साह और राहत दोनों है। इस बार रांची से लेकर पटना, गया, समस्तीपुर, दरभंगा और भागलपुर जाने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ होने की संभावना है। रेलवे ने विश्वास जताया है कि छठ पर्व के दौरान सभी ट्रेनें समय पर चलेंगी और यात्रियों को सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिलेगा।
