ट्रेनों में रात 11 से सुबह 5 बजे तक बंद रहेंगे मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, रेलवे बोर्ड का सख्त निर्देश………………………
रिपोर्ट : रांची डेस्क
रांची: ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। रेलवे बोर्ड ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों के सभी कोचों में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक मोबाइल चार्जिंग पॉइंट बंद रखने के निर्देशों का सख्ती से पालन कराने को कहा है। हाल ही में चार्जिंग के दौरान पावर बैंक फटने की घटना के बाद रेलवे ने इस व्यवस्था को लेकर सख्ती बढ़ा दी है।

सुरक्षा में लापरवाही पर रेलवे सख्त
रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को निर्देश दिया है कि निर्धारित समय के दौरान चार्जिंग पॉइंट बंद रहें। संबंधित रेल कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण देने और नियमों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसके अलावा, अधिकारी और पर्यवेक्षक औचक निरीक्षण भी करेंगे। निर्देशों के पालन में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
यात्रियों को क्या करना चाहिए?
रात में मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चार्ज करने की सुविधा उपलब्ध नहीं रहने के कारण यात्रियों को अपनी यात्रा शुरू करने से पहले मोबाइल चार्ज कर लेना चाहिए। लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्री जरूरत के अनुसार अतिरिक्त चार्जिंग व्यवस्था भी रखें और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की सुरक्षा का ध्यान रखें। रेलवे का यह निर्देश नया प्रतिबंध लगाने के बजाय पहले से लागू सुरक्षा व्यवस्था को सख्ती से लागू करने के लिए दोहराया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य ट्रेनों में आग लगने और बिजली से जुड़ी दुर्घटनाओं के जोखिम को कम करना है।
