निशा भगत मौत मामला: CBI ने संभाली जांच, अजय तिर्की के आवास पर पहुंची टीम…………………….
रिपोर्ट : रांची डेस्क
राँची : आदिवासी नेता निशा भगत की मौत के मामले में सीबीआई की टीम ने करीब सात घंटे तक अजय तिर्की के राँची के पहाड़ी टोला स्थित आवास पर छानबीन की। इस दौरान सीबीआई के अधिकारियों ने अजय तिर्की के फोन, दस्तावेज अन्य इलेक्ट्रानिक उपकरण भी खंगाले हैं। सीबीआई के अधिकारियों ने तिर्की से लंबी पूछताछ की है। बताया कि जांच एजेंसी ने कई चीजें जब्त की हैं, इसमें कुछ दस्तावेज भी हो सकते हैं। हालांकि आधिकारिक तौर पर कोई ब्योरा सामने नहीं आया है। छानबीन के दौरान जांच एजेंसी के अधिकारियों ने घर के सदस्यों के फोन भी अपने पास ले लिए थे, तिर्की के आवास के बाहर देर रात तक मीडियाकर्मी जमे रहे, बाहर में पुलिस के दो जवान भी लगातार तैनात हैं। रात लगभग 11.16 बजे सीबीआई की टीम अजय तिर्की के घर से बाहर निकलती दिखी। 6 नवंबर को पिठौरिया थाना क्षेत्र स्थित डहू टोली में अपने आवास पर निशा भगत ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इससे पहले वह फेसबुक लाइव पर आई थीं। लाइव में रोते हुए निशा ने अपनी परेशानी साझा की थीं, लाइव वीडियो में उन्होंने जमीन के कारोबार से जुड़े लोगों पर कथित तौर पर प्रताड़ना और पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे।
CBI ने दर्ज की FIR
16 नवंबर को सीबीआई ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। एजेंसी ने अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा को नामजद आरोपी बनाया है। इसके अलावा कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। प्राथमिकी भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 और 61(2) के तहत दर्ज की गई है।
आरोपी के आवास पर पहुंची जांच टीम
17 नवंबर को सीबीआई की टीम अजय तिर्की के आवास पर पहुंची और मामले से जुड़े पहलुओं की जांच की। इससे पहले टीम ने अन्य संबंधित ठिकानों पर भी छानबीन की थी। जांच एजेंसी निशा भगत की मौत से जुड़े आरोपों और परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है।
परिजनों ने उठाए थे सवाल
निशा भगत के पिता ने बेटी की मौत के पीछे कथित प्रताड़ना और साजिश की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की थी। मामले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने भी आवाज उठाई थी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से सीबीआई जांच की अनुशंसा के बाद केंद्र की मंजूरी मिली।
अब सबकी नजर CBI जांच पर
निशा भगत की मौत ने झारखंड में आदिवासी समाज की सुरक्षा, जमीन विवाद और पुलिस-प्रशासन की जवाबदेही जैसे मुद्दों को फिर से चर्चा में ला दिया है। अब सबकी नजर सीबीआई की जांच पर है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों और आरोपों की सच्चाई सामने आ सकेगी।
