त्योहारों पर स्थानीय कारीगरों के उत्पाद खरीदें, पीएम मोदी की देशवासियों से अपील……………………..
रिपोर्ट : रांची डेस्क
नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगामी त्योहारों के मद्देनजर देशवासियों से स्थानीय कारीगरों, बुनकरों और छोटे कारोबारियों के उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की है। अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 139वें एपिसोड में प्रधानमंत्री ने कहा कि त्योहारों पर स्थानीय कारीगरों के बनाए सामान खरीदने से उनका उत्साह बढ़ेगा और देश में ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को मजबूती मिलेगी।
स्थानीय कारीगरों को मिलेगा प्रोत्साहन
प्रधानमंत्री ने कहा कि त्योहारों के दौरान लोग अपने परिवार और प्रियजनों के लिए कई तरह की वस्तुएं खरीदते हैं। ऐसे में खरीदारी करते समय स्थानीय कारीगरों के उत्पादों को प्राथमिकता देना जरूरी है। इससे पारंपरिक हस्तकला को बढ़ावा मिलेगा और कारीगरों की आजीविका को सहारा मिलेगा। उन्होंने देशवासियों से स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और स्थानीय स्तर पर बने सामान को बाजार में पहचान दिलाने की अपील की
‘वोकल फॉर लोकल’ से भारतीय उत्पादों को मिल रही पहचान
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में बताया कि भारतीय उत्पाद अब अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच रहे हैं। उन्होंने बिहार के मखाना और कर्नाटक की अरहर दाल का उदाहरण देते हुए बताया कि देश के स्थानीय उत्पाद विदेशी बाजारों में भी अपनी जगह बना रहे हैं। प्रधानमंत्री ने उत्पादों की अच्छी पैकेजिंग पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि आकर्षक पैकेजिंग से ग्राहकों का ध्यान खिंचता है और स्थानीय उत्पादों को बाजार में बेहतर पहचान मिल सकती है।
खादी और ग्रामीण उद्योगों को बढ़ावा
प्रधानमंत्री ने खादी और ग्रामोद्योग उत्पादों की बढ़ती बिक्री का भी उल्लेख किया। खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग के अनुसार, गांधी जयंती के अवसर पर एक दिन में खादी और ग्रामोद्योग उत्पादों की बिक्री 28 करोड़ रुपये से अधिक रही। इसे स्थानीय उत्पादों के प्रति बढ़ती रुचि के उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया गया।
आत्मनिर्भर भारत की दिशा में पहल
प्रधानमंत्री की अपील का उद्देश्य स्थानीय कारीगरों और छोटे उद्यमियों को प्रोत्साहित करना, पारंपरिक कला एवं शिल्प को संरक्षित करना और स्वदेशी उत्पादों की मांग बढ़ाना है। त्योहारों के दौरान स्थानीय उत्पादों की खरीदारी बढ़ने से छोटे कारोबारियों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को लाभ मिलने की उम्मीद है।
