बंगाल की खाड़ी में उठ रहे चक्रवाती तूफान का झारखंड में दिखेगा असर, 27 से 30 अक्टूबर तक बारिश का अलर्ट……………………….
रिपोर्ट : रांची डेस्क
रांची। बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती तूफान झारखंड के मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 27 अक्टूबर से राज्य में बारिश की गतिविधियां शुरू होने की संभावना है। वहीं, 28 और 29 अक्टूबर को कई जिलों में बारिश तेज हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है। बंगाल की खाड़ी में बना गहरा अवदाब तेजी से मजबूत होकर चक्रवाती तूफान का रूप ले रहा है। पूर्वानुमान के मुताबिक, यह उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटीय क्षेत्रों की ओर जा सकता है। इसके प्रभाव से झारखंड में नमी बढ़ने और मौसम में बदलाव आने की संभावना है।

28 और 29 अक्टूबर को ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत
मौसम विभाग के अनुसार, 27 अक्टूबर को राज्य के पूर्वी, दक्षिणी और मध्यवर्ती इलाकों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है। 28 अक्टूबर को बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। कुछ जिलों में भारी बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की आशंका जताई गई है। 29 अक्टूबर को भी कई इलाकों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का असर बना रह सकता है। 30 अक्टूबर को भी कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है
