कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने, खूब चले पत्थर, टमाटर और अंडे, कई पत्रकार घायल……
रिपोर्ट :- राँची डेस्क
राँची : रांची के हरमू बाईपास इलाके में गुरुवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब नीट पेपर लीक और जेपीएससी में कथित धांधली के विरोध में कांग्रेस द्वारा भाजपा प्रदेश कार्यालय घेराव कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया। बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों के बीच अंडे, टमाटर, पानी की बोतलें और पत्थर फेंके जाने लगे। सड़क पर बिखरे टमाटर, टूटी बोतलें और पत्थर घटनास्थल पर हुए बवाल की तस्वीर बयां कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में एक मीडियाकर्मी भी पत्थर लगने से घायल हो गया।

स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने हस्तक्षेप किया और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। प्रदर्शनकारियों द्वारा बैरिकेडिंग तोड़े जाने के बाद मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस हालात को नियंत्रित करने में जुटी हुई है। गौरतलब है कि कांग्रेस ने नीट पेपर लीक और जेपीएससी में कथित अनियमितताओं को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय घेराव का आह्वान किया था। घटना के बाद हरमू बाईपास क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
