
जेएमएम-कांग्रेस की सरकार में झारखंड बना घोटाले और भ्रष्टाचार का अड्डा : जुएल ओरांव
रिपोर्ट:- राँची डेस्क…….
राँची: रांची के नगड़ी में शनिवार को भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भाजपा की ‘परिवर्तन यात्रा’ का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री जुएल ओरांव शामिल हुए। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए उनके आदर्शों और संघर्षों को स्मरण किया। इस दौरान उन्होंने संकल्प लिया कि झारखंड को बिरसा मुंडा के सपनों के अनुरूप विकसित करने के लिए भाजपा और झारखंड की जनता मिलकर काम करेगी।
सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने परिवर्तन यात्रा में झारखंड की हेमंत सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि युवा, महिला, किसान और आदिवासी विरोधी हेमंत सोरेन की सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए झारखंड में चल रही भाजपा की ‘परिवर्तन यात्रा’ के विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग करूँगा। उन्होंने कहा कि भाजपा झारखंड में बदलाव लाने के लिए कटिबद्ध है और जनता के सहयोग से यह संभव होगा।
उन्होंने कहा कि झारखंड की माटी, बेटी और रोटी की सुरक्षा के लिए संकल्पित भाजपा झारखंड की ‘परिवर्तन यात्रा’ में जनता का अभूतपूर्व उत्साह और समर्थन देखने को मिल रहा है। हटिया विधानसभा में आयोजित रोड-शो के दौरान जनता में जो उत्साह दिखा उसस तय हो गया है कि झारखंड में परिवर्तन होकर रहेगा। जुएल ओरांव जब रांची एयरपोर्ट पर पहुंचे इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। उरांव ने स्वागत के लिए सभी कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया और कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता और समर्थक राज्य में परिवर्तन लाने के लिए पूरी तरह से तत्पर है।