नशे में होकर एक युवक उतरा तालाब में नहाने डूबने से हुई
रिपोर्ट रांची डेस्क
रांची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र में स्थित मधुकम तालाब में एक युवक की डूबने से मौत हो गई। यह दुःखद घटना रविवार की सुबह घटित हुई जब युवक तालाब में नहाने के लिए उतरा था। स्थानीय लोगों ने उसे पानी में संघर्ष करता देखा, लेकिन बचाने के प्रयासों के बावजूद वह डूब गया। मृत युवक की पहचान शंभू गुप्ता (उम्र लगभग 30 वर्ष), पिता अशोक गुप्ता निवासी इरगू टोली, किशोरगंज के रूप में हुई है।
5 घंटे चली खोजबीन
स्थानीय लोगों के अनुसार, शंभू गुप्ता शराब का आदी था और नशे की हालत में तालाब के करीब पहुंचा था। सुबह लगभग 7 बजे वह तालाब में डूब गया। स्थानीय युवकों और पुलिस की टीम ने करीब पाँच घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए रिम्स भेज दिया है।
यह एक सप्ताह में दूसरी घटना है
यह घटना उस तालाब में पिछले छह दिन के भीतर डूबने से हुई दूसरी मौत है। पहले महापर्व छठ के दौरान भी इसी तालाब में एक 18 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हुई थी। सुखदेव नगर थाना पुलिस इस घटना की गहन जांच कर रही है ताकि दुर्घटना के कारणों को स्पष्ट किया जा सके।
चेतावनी के बाबजूद नजर अंदाज करते लोग
मधुकम तालाब के गहरे और खतरनाक जलस्तर के कारण स्थानीय प्रशासन द्वारा सावधानी के लिए चेतावनी संकेत भी लगाए जाते रहे हैं। लेकिन बार-बार चेतावनी देने के बावजूद भी कई बार दुर्घटनाएं घटती रहती हैं, जो इलाके में चिंता का विषय बन चुका है।
इलाके में शोक कि लहर
इस घटना से इलाके में शोक की लहर फैल गई है। शव को परिजनों को सौंपा जा चुका है और पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की विस्तृत जांच कर रही है। स्थानीय लोग और पुलिस दोनों ही इस क्षेत्र में आने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
