1 min read

झारखंड में 28-29 अक्टूबर को भारी बारिश का अलर्ट, किसानों की बढ़ेगी चिंता ……………………….

रिपोर्ट : रांची डेस्क

राॅंची। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से झारखंड के मौसम में बदलाव की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने 28 और 29 अक्टूबर को राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। खराब मौसम को देखते हुए किसानों को अपनी तैयार और कटी हुई फसलों को सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है। मौसम में संभावित बदलाव के कारण राज्य के कई इलाकों में आसमान में बादल छाए रहने और बारिश होने की आशंका है। चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से जनजीवन के साथ कृषि कार्य भी प्रभावित हो सकते हैं। हालांकि, अलग-अलग जिलों में बारिश की स्थिति मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान पर निर्भर करेगी।
अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में होने वाली बारिश से धान की तैयार फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है। खेतों में कटी हुई फसल भी भीगने से खराब हो सकती है। ऐसे में किसानों को सलाह दी गई है कि वे कटी हुई फसल को जल्द से जल्द सुरक्षित और सूखे स्थानों पर रख लें। साथ ही खेतों में जलनिकासी की उचित व्यवस्था करें, ताकि बारिश के कारण फसलों को होने वाले नुकसान को कम किया जा सके। लोगों को भी मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देने और खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *